19 मार्च को खेत में खून से लथपथ हाइड्रा चालक मिला था। 21 को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। पुलिस ने आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी व स...
19 मार्च को खेत में खून से लथपथ हाइड्रा चालक मिला था। 21 को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। पुलिस ने आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी व सुपारी किलर को गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरा मामला।
19 मार्च को खून से लथपथ मिले हाइड्रा चालक को मरवाने की साजिश उसकी पत्नी ने ही रची थी। शादी के 15वें ही दिन प्रेमी से मिलकर भाड़े के शूटरों को सुपारी दे दी। इसके लिए मुंह दिखाई में मिले रुपयों का उपयोग किया गया। सुपारी के बचे रुपयों का लेनदेन करने के दौरान पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी, उसके प्रेमी व एक शूटर को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचे, बाइक सहित अन्य सामान बरामद किया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
मैनपुरी के भोगांव थाना के नगला दीपा निवासी हाइड्रा चालक दिलीप कुमार (24) की हत्या के मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। इसी दौरान सुपारी के रुपयों के लेनदेन की सूचना मिलने पर शनिवार दोपहर पुलिस ने हरपुरा के पास छापा मारा। जहां से सहार थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा व स्वाट प्रभारी राजीव कुमार ने दिलीप की पत्नी प्रगति को गिरफ्तार किया।
महिला के अलावा मौके से उसके गांव हजियापुर फफूंद निवासी प्रेमी अनुराग उर्फ बबलू उर्फ मनोज यादव, अछल्दा के प्रेम नगर निवासी शूटर रामजी नागर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में प्रगति ने बताया कि प्रेम प्रसंग की जानकारी होने पर परिजन ने उसकी शादी बड़ी बहन के देवर दिलीप से करा दी थी।
No comments