पट्टी, प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ पुलिस ने अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंगस्टर एक्ट ...
पट्टी, प्रतापगढ़।
प्रतापगढ़ पुलिस ने अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के कुशल नेतृत्व में की गई।
पट्टी कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट से संबंधित इनामी अभियुक्त अंचल पांडेय पुत्र विजय शंकर पांडे, निवासी ग्राम रामपुर खंगाल, थाना पट्टी, जनपद प्रतापगढ़ को महाराष्ट्र के ठाणे जनपद के डोंबिवली पूर्व क्षेत्र से गिरफ्तार किया। अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर पट्टी थाने में लूट, धोखाधड़ी और चोरी जैसे गंभीर आपराधिक मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
यह गिरफ्तारी पट्टी थाने के उपनिरीक्षक अजय अंचल के नेतृत्व में उनकी टीम—कांस्टेबल राघवेंद्र यादव एवं कांस्टेबल पंकज यादव—द्वारा की गई। पुलिस टीम ने सटीक सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर अभियुक्त को पलावा कंस्ट्रक्शन, खोणी, थाना मानपाड़ा, ठाणे (महाराष्ट्र) से दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आमजन में सुरक्षा को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है।
प्रतापगढ़ पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अपराधी चाहे कहीं भी छिपा हो, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकता
No comments