पट्टी, प्रतापगढ़। सनातन धर्म, गौसंरक्षण और हिंदू एकता का अलख जगाने निकले परम पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक...
पट्टी, प्रतापगढ़।
सनातन धर्म, गौसंरक्षण और हिंदू एकता का अलख जगाने निकले परम पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के पावन आगमन को लेकर पट्टी विधानसभा क्षेत्र में उत्साह चरम पर है। 22 मई को होने वाले इस ऐतिहासिक आगमन को लेकर श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। पूरा क्षेत्र भगवामय माहौल में रंगता नजर आ रहा है।
गोरखपुर से प्रारंभ हुई 81 दिवसीय “गविष्ठि (गो-रक्षार्थ-धर्मयुद्ध) यात्रा” के अंतर्गत शंकराचार्य जी उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभाओं में पहुंचकर गौमाता की रक्षा, सनातन संस्कृति के संरक्षण और हिंदू समाज को एकजुट करने का संदेश दे रहे हैं। इसी क्रम में उनका प्रतापगढ़ जनपद आगमन तय हुआ है।
पट्टी नगर स्थित मूनलाइट कैफे में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान भारतीय युवा विद्यार्थी संगठन (BYVS) के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा गविष्ठि यात्रा के मध्यांचल (कानपुर-प्रयाग क्षेत्र) संयोजक राजा सक्षम सिंह ‘योगी’ ने बताया कि 22 मई को प्रतापगढ़ की पांच विधानसभाओं में पूज्य महाराज श्री का भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सनातन चेतना को जागृत करने का महाअभियान है।
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (र) के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप पांडेय ने कहा कि शंकराचार्य जी का पट्टी आगमन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण होगा। उन्होंने कहा कि जिस भूमि पर संतों और महापुरुषों का आशीर्वाद पड़ता है, वहां सुख, समृद्धि और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने सभी धर्मप्रेमियों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
जानकारी के अनुसार, सर्वप्रथम शंकराचार्य जी रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र स्थित स्वामी करपात्री जी महाराज की जन्मभूमि भटनी पहुंचेंगे। इसके बाद सदर विधानसभा में अंबेडकर चौराहे पर विशाल स्वागत एवं आशीर्वचन कार्यक्रम होगा। मां बेल्हा देवी के दर्शन-पूजन के बाद दोपहर लगभग 12 बजे उनका काफिला पट्टी विधानसभा पहुंचेगा।
पट्टी बाजार स्थित हनुमान मंदिर के निकट उड़ैयाडीह मोड़ पर गाजे-बाजे, शंखनाद, ढोल-नगाड़ों और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच पूज्य महाराज श्री का ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। पूरे मार्ग को भगवा ध्वजों, फूल-मालाओं और स्वागत द्वारों से सजाने की तैयारी चल रही है। इसके बाद पट्टी तहसील के सामने विशाल धर्मसभा एवं आशीर्वचन कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।
कार्यक्रम के बाद शंकराचार्य जी रानीगंज और विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रस्थान करेंगे, जबकि रात्रि विश्राम बाबागंज विधानसभा क्षेत्र के तोड़ी का पुरवा में प्रस्तावित है।
पत्रकार वार्ता के दौरान आयोजकों ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हिंदू समाज की एकता, संस्कृति और गौमाता के सम्मान का विराट संदेश है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे भारी संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनाएं।
No comments