प्रतापगढ़। जनपद में अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ छेड़ी गई जंग में प्रतापगढ़ पुलिस ने एक बार फिर ऐसा प्रहार किया ...
प्रतापगढ़। जनपद में अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ छेड़ी गई जंग में प्रतापगढ़ पुलिस ने एक बार फिर ऐसा प्रहार किया है, जिसकी गूंज पूरे प्रदेश में सुनाई दे रही है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के नेतृत्व में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना फतनपुर पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह की कमर तोड़ दी। पुलिस ने ट्रक से भारी मात्रा में 02 कुंतल 21 किलो 640 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतर्राष्ट्रीय कीमत करीब ₹2 करोड़ 21 लाख 64 हजार बताई जा रही है।
यह कार्रवाई उस समय हुई जब थाना फतनपुर पुलिस और स्वाट टीम को मुखबिर से बेहद सटीक सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनीष कुमार त्रिपाठी और स्वाट टीम प्रभारी अमित कुमार चौरसिया ने अपनी टीम के साथ थाना क्षेत्र के पकड़ी बॉर्डर बैरियर पर घेराबंदी कर दी। देर रात संदिग्ध ट्रक को रोककर जब तलाशी ली गई तो पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। ट्रक में अन्य सामानों के बीच बेहद शातिराना तरीके से छिपाकर रखी गई 07 बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से ट्रक चालक समेत तीन तस्करों — मो. अरबाज, शोएब मलिक और मो. वासिर — को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे और इस अवैध धंधे से मोटा मुनाफा कमाते थे।
प्रतापगढ़ पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि जिले में अब नशे के सौदागरों के लिए कोई जगह नहीं बची है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में लगातार हो रही ताबड़तोड़ कार्रवाई से अपराधियों और तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। आमजन भी पुलिस की इस कार्रवाई की जमकर सराहना कर रहे हैं।
पूरे अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार और क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी का कुशल पर्यवेक्षण भी बेहद अहम रहा।
प्रतापगढ़ पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अपराधी चाहे जितनी भी चालाकी कर लें, कानून के लंबे हाथों से बच पाना अब नामुमकिन है। जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में यह कार्रवाई पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
No comments