प्रतापगढ़। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना दिलीपपुर पुलिस और स्पेशल टीम ने बड़ी सफल...
प्रतापगढ़। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना दिलीपपुर पुलिस और स्पेशल टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और एटीएम फ्रॉड जैसी संगीन वारदातों में शामिल दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस पूरे ऑपरेशन में स्पेशल टीम के उपनिरीक्षक विजेन्द्र सिंह की सूझबूझ, बहादुरी और रणनीतिक नेतृत्व की जमकर चर्चा हो रही है।
रविवार को रसोइया मोड़ पर संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की ब्रेजा कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाश पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश करते हुए भाग निकले। इसके बाद दिलीपपुर पुलिस और स्पेशल टीम ने तेजी से घेराबंदी कर पीछा किया। शहीद स्मारक गेट के पास बदमाशों की कार पुलिया से टकराकर गड्ढे में फंस गई।
कार से उतरते ही बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। ऐसे चुनौतीपूर्ण माहौल में उपनिरीक्षक विजेन्द्र सिंह ने मोर्चा संभालते हुए टीम का नेतृत्व किया और जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों को घायल कर दबोच लिया। पुलिस की बहादुरी और तत्परता से एक बड़ा अपराध टल गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद आफताब और नौशाद अली के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में लोगों का एटीएम कार्ड बदलकर खातों से रकम निकालने की बात कबूल की।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने अवैध तमंचे, कारतूस, नगदी, कई एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की ब्रेजा कार बरामद की है। दोनों अभियुक्तों पर पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
जनपद में अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही स्पेशल टीम के उपनिरीक्षक विजेन्द्र सिंह एक बार फिर अपनी कार्यशैली को लेकर चर्चा में हैं। अपराधियों के खिलाफ सख्त रवैया और तेज कार्रवाई ने पुलिस की सक्रियता को साबित किया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जांबाज अधिकारियों की वजह से अपराधियों में खौफ बना हुआ है।
*NHT BHARAT NEWS Editor in chief Naveen Kumar Mishra*
No comments