प्रतापगढ़। अंतू थाना क्षेत्र के ग्राम बुड़ैला में हैंडपंप पर पानी भरने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष ...
प्रतापगढ़। अंतू थाना क्षेत्र के ग्राम बुड़ैला में हैंडपंप पर पानी भरने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडों और कुल्हाड़ियों से हुए हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतू पुलिस ने जानलेवा हमले के आरोप में चार पुरुषों और एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो कुल्हाड़ियां भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार 11 जून की सुबह करीब साढ़े छह बजे ग्राम बुड़ैला में टीन हटाने और हैंडपंप के उपयोग को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते विपक्षी पक्ष के लोगों ने एकराय होकर रमेश कुमार, मुरलीधर, अभिषेक कुमार और प्रीतम कुमार पर लाठी-डंडों तथा कुल्हाड़ियों से हमला कर दिया। हमले में दो लोगों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना के संबंध में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्री प्रशांत राज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अंतू अभिषेक सिरोही के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय कुमार, पंकज कुमार, संतोष कुमार, नन्हेलाल और सुनीता शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश और हैंडपंप पर हुए विवाद के चलते हमला करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सण्डवा चंद्रिका के जंगल क्षेत्र से घटना में प्रयुक्त दो कुल्हाड़ियां बरामद कीं।
पुलिस ने बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अंतू पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
No comments