ऑपरेशन कन्विक्शन का जोरदार असर: प्रतापगढ़ पुलिस की पैरवी से हत्या के दोषियों पर अदालत का कड़ा प्रहार प्रतापगढ़। अपराध कर कानून क...
ऑपरेशन कन्विक्शन का जोरदार असर: प्रतापगढ़ पुलिस की पैरवी से हत्या के दोषियों पर अदालत का कड़ा प्रहार
प्रतापगढ़। अपराध कर कानून की पकड़ से बच निकलने का भ्रम पालने वालों के लिए प्रतापगढ़ से कड़ा संदेश सामने आया है। थाना सांगीपुर के बहुचर्चित हत्या के 13 वर्ष पुराने मामले में न्यायालय डीजे प्रतापगढ़ ने चार दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाकर अपराध के खिलाफ पुलिस और अभियोजन की मजबूत कार्रवाई पर मुहर लगा दी।
लखहरा गांव निवासी रामेश्वर पाल, लालजी पांडे, अमित पांडे और शैलेश कुमार पांडे को धारा 302 भादवि के तहत हत्या का दोषी पाते हुए न्यायालय ने प्रत्येक को उम्रकैद के साथ 30-30 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया। वहीं धारा 506 भादवि में प्रत्येक को एक-एक वर्ष का साधारण कारावास और दो-दो हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई।
13 साल बाद आया कानून का फैसला
थाना सांगीपुर में 22 नवंबर 2013 को अपराध संख्या 206/2013 के तहत धारा 302, 506, 34 भादवि में मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने विवेचना पूरी कर 23 फरवरी 2014 को आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। वर्षों तक चली न्यायिक प्रक्रिया के बाद 14 सितंबर 2026 को अदालत का फैसला आया और चारों दोषियों को उनके अपराध की सजा मिल गई।
पुलिस की मजबूत पैरवी ने दिलाई निर्णायक सफलता
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रतापगढ़ पुलिस गंभीर अपराधों में दोषियों को अधिकतम सजा दिलाने के लिए लगातार प्रभावी पैरवी कर रही है। वैज्ञानिक विवेचना, साक्ष्यों का मजबूत संकलन और अभियोजन के साथ बेहतर समन्वय का परिणाम है कि हत्या जैसे जघन्य अपराध में चारों दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई ने अपराधियों को साफ संदेश दिया है कि वारदात के बाद कानून से बचने का रास्ता अब आसान नहीं है। पुलिस की विवेचना और न्यायालय में प्रभावी पैरवी अपराधियों के खिलाफ शिकंजा कसने में निर्णायक साबित हो रही है।
इनकी पैरवी से मिली सजा
मामले में डीजीसी योगेश शर्मा, एडीजीसी काशीनाथ तिवारी, एडीजीसी विक्रम सिंह, तत्कालीन थानाध्यक्ष संतोष कुमार दुबे तथा थाना सांगीपुर के पैरोकार कांस्टेबल दीपक कुमार की प्रभावी पैरवी से दोषियों को कठोर दंड दिलाने में सफलता मिली।
No comments