प्रतापगढ़। जनपद पुलिस जहां अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए जानी जाती है, वहीं आमजन की सुरक्षा और सहायता के प्रति उसकी ...
प्रतापगढ़। जनपद पुलिस जहां अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए जानी जाती है, वहीं आमजन की सुरक्षा और सहायता के प्रति उसकी संवेदनशीलता भी लगातार मिसाल पेश कर रही है। इसी क्रम में थाना सांगीपुर पुलिस ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए मंदिर में अपने परिजनों से बिछुड़ी एक महिला को सकुशल उसके परिवार से मिलाकर सराहनीय कार्य किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सांगीपुर क्षेत्र स्थित एक मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आई महिला अपने परिजनों से बिछड़ गई थी। महिला के गुम होने की सूचना मिलते ही सांगीपुर पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई और उसकी पहचान व परिजनों का पता लगाने के लिए अभियान शुरू कर दिया।
पुलिसकर्मियों ने धैर्य, सूझबूझ और अथक प्रयासों के बल पर महिला की पहचान केवला देवी पत्नी विशेश्वर यादव निवासी उमामिश्रपुर, पोस्ट बढ़ेहटी, तहसील मुसाफिरखाना, जनपद अमेठी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने महिला के परिजनों से संपर्क स्थापित कर उन्हें मौके पर बुलाया और आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया।
काफी समय बाद अपनों से मिलकर महिला और उनके परिजनों की आंखें खुशी से भर आईं। परिवारजनों ने प्रतापगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस सराहनीय कार्य में कांस्टेबल विष्णु, महिला कांस्टेबल अंकिता मौर्या, महिला कांस्टेबल प्रियंका पटेल तथा कांस्टेबल आलोक यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
थाना सांगीपुर पुलिस की यह पहल एक बार फिर साबित करती है कि प्रतापगढ़ पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता और उनकी सुरक्षा के लिए भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रही है। पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
No comments