प्रतापगढ़। जिले में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए लालगंज पुलिस और स्वाट टीम ने तीन शातिर चोरों को गि...
प्रतापगढ़। जिले में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए लालगंज पुलिस और स्वाट टीम ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गया ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर लिया है। आरोपी चोरी के बाद ट्रैक्टर और ट्रॉली का रंग-रूप बदलकर उसे भट्टे पर ईंट ढुलाई के काम में लगा दिए थे ताकि किसी को शक न हो।
जानकारी के अनुसार थाना लालगंज क्षेत्र के पूरे बोधी सिंह, रानीगंज कैथौला निवासी एक किसान का स्वराज-744 एक्सटीएन ट्रैक्टर और ट्रॉली 20 मार्च 2026 की रात घर के सामने से चोरी हो गया था। सुबह जब किसान की नींद खुली तो ट्रैक्टर-ट्रॉली गायब मिले। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर पीड़ित ने थाना लालगंज में मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत लालगंज पुलिस और स्वाट टीम लगातार मामले की जांच कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पूरे नोती के पास घेराबंदी कर धर्मेश सरोज, शिवकुमार यादव और अंशू सरोज को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी किया गया स्वराज-744 एक्सटीएन ट्रैक्टर और ट्रॉली भी बरामद कर ली गई।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी अंकित सरोज के साथ मिलकर ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की थी। पकड़े जाने से बचने के लिए ट्रैक्टर पर नए स्टीकर लगाकर उसका रंग बदल दिया था, जबकि ट्रॉली को हरे रंग से रंग दिया गया था। इसके बाद उसी वाहन से भट्टे पर ईंट ढुलाई का काम किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने लालगंज पुलिस और स्वाट टीम की सराहना की है।
प्रमुख आरोपी
धर्मेश सरोज निवासी लाल का पुरवा, जेवई, थाना लालगंज
शिवकुमार यादव निवासी हरबशपुर केदौरा, थाना लालगंज
अंशू सरोज निवासी जेवई, थाना लालगंज
पुलिस की बड़ी कामयाबी
करीब ढाई महीने पहले चोरी हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को बरामद कर पुलिस ने न केवल पीड़ित किसान को राहत दी, बल्कि वाहन चोरी करने वाले गिरोह के सक्रिय सदस्यों को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। यह कार्रवाई क्षेत्र में वाहन चोरों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है।
*NHT BHARAT NEWS Editor in chief Naveen Kumar Mishra*
No comments