जेठवारा (प्रतापगढ़)। गुरुवार की सुबह घर से पढ़ाई और बेहतर भविष्य के सपने लेकर निकली इंटर की छात्रा अनन्या यादव कभी वापस नहीं लौट...
जेठवारा (प्रतापगढ़)। गुरुवार की सुबह घर से पढ़ाई और बेहतर भविष्य के सपने लेकर निकली इंटर की छात्रा अनन्या यादव कभी वापस नहीं लौट सकी। कोचिंग सेंटर के बाहर ही तेज रफ्तार डम्फर ने उसे ऐसी टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
थाना क्षेत्र के नगरिया कानूपुर निवासी शिवाकांत यादव की 18 वर्षीय पुत्री अनन्या यादव अष्टभुजा इंटर कॉलेज, जेठवारा में कक्षा 12 की छात्रा थी। प्रतिदिन की तरह वह गुरुवार सुबह साइकिल से कानूपुर चौराहे के पास स्थित के.डी. क्लासेज कोचिंग सेंटर पढ़ने पहुंची थी। बताया जाता है कि वह कोचिंग सेंटर के सामने अपनी साइकिल खड़ी कर रही थी, तभी लालगोपालगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डम्फर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनन्या ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक डम्फर लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। चालक ने अपना नाम मोहम्मद नसीम पुत्र मोहम्मद बशीर, निवासी जयसिंहगढ़, थाना कंधई बताया है।
मासूम बेटी की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर पहुंचे माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हर किसी की आंखें नम थीं। पढ़ाई में होनहार अनन्या के असमय निधन ने पूरे गांव और क्षेत्र को गमगीन कर दिया।
सूचना पर पहुंची जेठवारा पुलिस ने डम्फर और चालक को हिरासत में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद लालगोपालगंज-प्रतापगढ़ मार्ग पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कानूपुर चौराहा हादसों का चौराहा बन चुका है। यहां पहले भी कई लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा चुके हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व में सुरक्षा के लिए लगाया गया बैरियर ट्रक चालकों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया था, लेकिन उसे दोबारा लगाने में लापरवाही बरती गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और प्रधान/प्रशासक राम सिंह के विरोध के बाद पुलिस ने तत्काल नया बैरियर लगवाया, तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
एक होनहार बेटी की असमय मौत ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अनन्या के अधूरे सपनों के साथ उसके परिवार की उम्मीदों का भी अंत हो गया, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी।
No comments