प्रतापगढ़। खेल प्रतिभाओं के लिए अपनी अलग पहचान बना रहा महादेव नगर एक बार फिर सुर्खियों में है। महादेव नगर की माटी में पले-बढ़...
प्रतापगढ़। खेल प्रतिभाओं के लिए अपनी अलग पहचान बना रहा महादेव नगर एक बार फिर सुर्खियों में है। महादेव नगर की माटी में पले-बढ़े और महादेव प्रसाद इंटर कॉलेज, महादेव नगर भनईपुर आसपुर देवसरा, पट्टी में खेल की बारीकियां सीख रहे तीन होनहार खिलाड़ियों ने मंडल स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। कौशाम्बी में आयोजित मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़ और कौशाम्बी की टीमों के बीच हुए मुकाबलों में महादेव प्रसाद इंटर कॉलेज के विवेक बिंद, गौरव खरवार और मोहम्मद आवेश ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान पक्का किया।
तीनों खिलाड़ियों का चयन अब राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जिसका आयोजन गोरखपुर में किया जाएगा। इस उपलब्धि ने न केवल महादेव प्रसाद इंटर कॉलेज बल्कि पूरे महादेव नगर को गौरवान्वित किया है।
महादेव नगर लंबे समय से शिक्षा और खेल के क्षेत्र में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की जमीन तैयार कर रहा है। यहां के युवाओं में खेल के प्रति बढ़ता जुनून और विद्यालय में मिलने वाला बेहतर मार्गदर्शन अब लगातार बड़ी उपलब्धियों में बदल रहा है। मंडल स्तर पर महादेव नगर के तीन खिलाड़ियों का राज्य स्तर तक पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा यदि सही दिशा, मेहनत और प्रोत्साहन पाए तो गांव-कस्बे की माटी से भी प्रदेश स्तर के खिलाड़ी निकल सकते हैं।
विद्यालय के प्रबंधक अखिलेश कुमार शर्मा एवं प्रधानाचार्य योगेंद्र बहादुर चौरसिया ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि तीनों खिलाड़ियों की सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य स्तर पर भी खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर महादेव नगर, विद्यालय और जनपद का नाम रोशन करेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा ने भी तीनों खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तीन खिलाड़ियों के राज्य स्तर पर चयन से महादेव नगर में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेल के मैदान में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी। महादेव नगर की माटी से निकले इन तीन कबड्डी सितारों ने यह साबित कर दिया है कि हौसले बुलंद हों तो मंजिल शहरों की मोहताज नहीं होती।
No comments