गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में प्रतापगढ़ पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने CEIR पोर्टल और तकनीक...
गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में प्रतापगढ़ पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने CEIR पोर्टल और तकनीकी सर्विलांस की मदद से 147 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 23 लाख 52 हजार रुपये है। सोमवार को पुलिस लाइन स्थित साईं कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर और अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे।
मोबाइल वापस मिलते ही लोगों के चेहरे खिल उठे। लाभार्थियों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए अधिकारियों और पुलिस टीम का आभार जताया।
प्रतापगढ़ पुलिस ने CEIR पोर्टल पर प्रदर्शन में भी उल्लेखनीय सुधार किया है। अप्रैल में 40वीं रैंक से बढ़कर सितंबर में प्रतापगढ़ 5वीं रैंक पर पहुंच गया। यानी महज कुछ महीनों में 35 पायदान की छलांग लगाई गई। सितंबर में पोर्टल पर जेनरेट हुई ट्रेसबिलिटी के सापेक्ष 85 प्रतिशत मोबाइल फोन की रिकवरी की गई।
बरामद मोबाइलों में 37 वीवो, 23 ओप्पो, 20 रियलमी, 17 रेडमी, 18 सैमसंग, छह मोटोरोला, सात टेक्नो, सात पोको, पांच वनप्लस और दो आईफोन समेत विभिन्न कंपनियों के 147 मोबाइल शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल थाने में सूचना देने के साथ CEIR पोर्टल अथवा संचारसाथी एप के माध्यम से IMEI ब्लॉक कराएं। इससे मोबाइल के दुरुपयोग पर रोक लगाने और उसकी बरामदगी में पुलिस को तकनीकी मदद मिलती है।
इस अभियान में प्रभारी सर्विलांस सेल उपनिरीक्षक अजित सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, विजय सिंह, धन्नजय श्रीवास्तव समेत जिले के विभिन्न थानों की साइबर टीमों और सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
No comments