बाइक और एक लाख रुपये की कथित मांग को लेकर विवाहिता की मौत के मामले में पति समेत सास-ससुर दबोचे गए, तेजतर्रार पुलिस टीम की कार्रव...
बाइक और एक लाख रुपये की कथित मांग को लेकर विवाहिता की मौत के मामले में पति समेत सास-ससुर दबोचे गए, तेजतर्रार पुलिस टीम की कार्रवाई से मचा हड़कंप
प्रतापगढ़। दहेज के लालच में विवाहिता को प्रताड़ित करने और उसकी मौत के मामले में आसपुर देवसरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दहेज लोभियों में हड़कंप मचा है।
मामला आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के गधियावा गांव का है। जौनपुर के महराजगंज थाना क्षेत्र निवासी काजल की शादी गधियावा निवासी निखिल वर्मा के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में दोपहिया वाहन और एक लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया।
28 जुलाई 2026 को काजल के जहरीला पदार्थ खाने की सूचना पर परिजन उसे उपचार के लिए प्रयागराज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मायके पक्ष ने दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए आसपुर देवसरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
मामले में पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के बीच आसपुर देवसरा पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर नारायण महाविद्यालय, गधियावा-पट्टी रोड के पास घेराबंदी कर तीन वांछित आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में निखिल वर्मा पुत्र रामकुमार वर्मा, रामकुमार वर्मा पुत्र स्व. रामलाल वर्मा और संगीता देवी पत्नी रामकुमार वर्मा, सभी निवासी गधियावा, थाना आसपुर देवसरा शामिल हैं।
तेजतर्रार टीम ने दिखाई तत्परता
कार्रवाई में उपनिरीक्षक जावेद अहमद खान, उपनिरीक्षक जयकिशुन यादव, कांस्टेबल वीरेन्द्र यादव, कांस्टेबल किशन दुबे, कांस्टेबल नीरज पटेल और महिला आरक्षी गायत्री यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आसपुर देवसरा पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि दहेज के नाम पर बेटियों को प्रताड़ित करने वालों को कानून के शिकंजे से बचना आसान नहीं होगा। पुलिस की सक्रियता ने एक बार फिर यह भरोसा मजबूत किया है कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर गंभीर मामलों में कार्रवाई के लिए पुलिस पूरी तत्परता से आगे आ रही है।
दहेज मांगना सामाजिक कलंक है और दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित करना कानूनन अपराध। आसपुर देवसरा पुलिस की कार्रवाई ऐसे लोगों के लिए सख्त चेतावनी है।
*NHT BHARAT NEWS Editor in chief Naveen Kumar Mishra*
No comments