फाइल फोटो- मृतक जिला जीत प्रतापगढ़। आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के परदहा सुमेर गांव में अधेड़ जिलाजीत उर्फ जिल्लू (50)...
प्रतापगढ़। आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के परदहा सुमेर गांव में अधेड़ जिलाजीत उर्फ जिल्लू (50) का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धनंजय राय ने तत्परता दिखाते हुए भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की कमान संभाल ली। उन्होंने घटनास्थल को सुरक्षित कराते हुए उच्चाधिकारियों को सूचना दी और साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम किए। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए। पुलिस की सक्रियता और एसओ धनंजय राय की मुस्तैदी से घटनास्थल पर जांच की प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ी। मृतक के भाई फौजदार गौतम की तहरीर पर गांव के गुड्डू तिवारी पुत्र माता प्रसाद, पवन मिश्रा और माला तिवारी पत्नी सूर्य प्रकाश तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि संबंधित घर से खून लगे लाठी-डंडे भी बरामद हुए हैं। एसओ धनंजय राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
No comments