आसपुर देवसरा थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। मोबाइल चोरी के मामले ...
आसपुर देवसरा थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। मोबाइल चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चोरी के मोबाइल सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना बीते पांच दिसंबर की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरती यादव पत्नी आज़ाद कुमार, निवासी हरिहरपुर सुल्तानपुर, अपने पति के मौसी के लड़के के यहां कोपा, आसपुर देवसरा गांव में संतोष यादव के घर आई थीं। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया था।
पीड़िता की तहरीर पर आसपुर देवसरा थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से मोबाइल को ट्रेस किया और जांच के बाद प्रभाकर उर्फ श्यामू, निवासी जहानाबाद, थाना पट्टी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल भी बरामद किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी प्रभाकर के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है। इसके बावजूद आसपुर देवसरा पुलिस ने उसे पुनः सलाखों के पीछे भेजकर क्षेत्र में अपराधियों को सख्त संदेश दिया है।
मोबाइल मिलने के बाद पीड़िता आरती यादव का चेहरा खुशी से खिल उठा। उन्होंने आसपुर देवसरा पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा था कि उनका मोबाइल वापस मिल जाएगा।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष विजेंद्र सिंह ने बताया कि “अपराधियों की हर नस्ल को उखाड़ फेंकना हमारा अंतिम लक्ष्य है। थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अपराध और अपराधी स्वीकार नहीं किया जाएगा।”
आसपुर देवसरा पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई से आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है तथा अपराधियों में भय का माहौल बना हुआ है।
No comments