प्रतापगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दीपक भूकर के निर्देशन में आसपुर देवसरा थाना पुलिस ने हत्या के प...
प्रतापगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दीपक भूकर के निर्देशन में आसपुर देवसरा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक आरोपी को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी राकेश चौरसिया के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
पुलिस के अनुसार, 22 मई 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम मरगूपुर में खेत में खड़े बबूल के पेड़ को काटने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान आदर्श सरोज और उसके साथियों ने विजय सरोज समेत अन्य लोगों पर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घटना में विजय सरोज के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना आसपुर देवसरा पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार रघुवंशी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी राकेश चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी।
इसी क्रम में उपनिरीक्षक जयकिशुन यादव, उपनिरीक्षक संजय कुमार और कांस्टेबल कैलाश यादव की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सेतापुर प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित बाग से आरोपी आदर्श सरोज को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध देशी तमंचा 315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोत्तरी भी की गई है।
आसपुर देवसरा की पुलिस क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही आसपुर देवसरा पुलिस एक बार फिर चर्चा में है। थाना प्रभारी राकेश चौरसिया की सक्रिय कार्यशैली और सख्त पुलिसिंग के चलते अपराधियों में भय का माहौल बना हुआ है, जबकि आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर रही है।
No comments