प्रतापगढ़। जनपद की बाघराय पुलिस ने पशु चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपि...
प्रतापगढ़। जनपद की बाघराय पुलिस ने पशु चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक भैंस, एक पड़वा, एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने दो अलग-अलग पशु चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में बाघराय पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर राम वन गमन मार्ग स्थित बिहार बाईपास के पास से नागेन्द्र सरोज, राहुल कुमार और गुलशन कुमार सरोज को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 1 जुलाई की रात को ग्राम कोडराजीत से एक भैंस और एक पड़वा चोरी कर सुनसान स्थान पर छिपा दिया था। शुक्रवार की रात वे इन्हें बेचने के लिए प्रयागराज ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि करीब डेढ़ माह पहले ग्राम मलावा छजईपुर से भी एक भैंस और पाड़िया चोरी कर कौशांबी में बेच दी थी।
बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। वहीं अवैध तमंचा व कारतूस मिलने पर आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी जोड़ी गई है। घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास प्रधान, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, कांस्टेबल राकेश राय एवं कांस्टेबल रोहित राम शामिल रहे। बाघराय पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय पशु चोर गिरोह का पर्दाफाश होने के साथ ही पशुपालकों ने राहत की सांस ली।
*NHT BHARAT NEWS Editor in chief Naveen Kumar Mishra*
No comments