शिकायत का तत्काल कराया समाधान, चौकी इंचार्ज अखिलेश सिंह ने दिया नया वॉकर; बुजुर्ग के चेहरे पर लौटी मुस्कान प्रतापगढ़। उम्र के 90...
शिकायत का तत्काल कराया समाधान, चौकी इंचार्ज अखिलेश सिंह ने दिया नया वॉकर; बुजुर्ग के चेहरे पर लौटी मुस्कान
प्रतापगढ़। उम्र के 90वें पड़ाव पर जब शरीर साथ छोड़ने लगे और कदम कुछ दूर चलने में भी जवाब देने लगें, तब किसी चौखट तक पहुंचकर अपनी पीड़ा सुनाना भी किसी चुनौती से कम नहीं होता। ऐसी ही मजबूरी के बीच रामगंज निवासी 90 वर्षीय कृष्ण देव उपाध्याय अपनी समस्या लेकर रामगंज पुलिस चौकी पहुंचे। चलने में असहज बुजुर्ग को देखकर चौकी इंचार्ज अखिलेश सिंह ने पहले उनकी पूरी बात बेहद ध्यान और संवेदनशीलता से सुनी।
बुजुर्ग की समस्या सामने आते ही चौकी इंचार्ज ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उनकी शिकायत का समाधान कराया। लेकिन मदद यहीं नहीं रुकी। कृष्ण देव उपाध्याय के लिए चलना कितना मुश्किल है, इसे महसूस करते हुए चौकी इंचार्ज अखिलेश सिंह ने उन्हें नया वॉकर भी प्रदान किया, ताकि उन्हें सहारे के लिए किसी के सामने हाथ न फैलाना पड़े और वह अपने कदम खुद आगे बढ़ा सकें।
वॉकर मिलने के बाद बुजुर्ग के चेहरे पर आई राहत और खुशी ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया। उम्र के इस पड़ाव पर जब एक बुजुर्ग को सहारे की जरूरत थी, तब पुलिसकर्मी का यह मानवीय प्रयास उनके लिए महज एक वॉकर नहीं, बल्कि चलते रहने का भरोसा और सम्मान के साथ जीवन जीने का सहारा बन गया।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में लोगों की शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई तथा थाना आसपुर देवसरा प्रभारी राकेश चौरसिया के नेतृत्व में रामगंज चौकी पुलिस की इस संवेदनशील पहल की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस जब कानून के साथ इंसानियत का हाथ भी थामती है, तो वर्दी के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत होता है।
No comments