चार निष्क्रिय देशी बम, 315 बोर का तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद; विपिन यादव पर दस मुकदमे, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज प्...
चार निष्क्रिय देशी बम, 315 बोर का तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद; विपिन यादव पर दस मुकदमे, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज
प्रतापगढ़। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आसपुर देवसरा पुलिस ने रात्रि चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चार निष्क्रिय देशी बम, 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में पुलिस की सक्रियता और सतर्क चेकिंग का परिणाम बताया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन यादव पुत्र राम बहाल यादव निवासी नीमा, आसपुर देवसरा और अंकित गौतम पुत्र सभाजीत गौतम निवासी कवेली, सिंगरामऊ, जौनपुर के रूप में हुई। बरामदगी के आधार पर दोनों के खिलाफ मु0अ0सं0 253/26 में धारा 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार विपिन यादव के खिलाफ प्रतापगढ़, जौनपुर और सुल्तानपुर के विभिन्न थानों में कुल दस मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट व आर्म्स एक्ट के मामले भी शामिल हैं। वहीं अंकित गौतम के खिलाफ भी जौनपुर में दो मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवम त्रिपाठी के नेतृत्व में कांस्टेबल सर्वेश पटेल, विनोद सरोज, अजीत चौहान और नन्दकिशोर की टीम शामिल रही। आसपुर देवसरा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता सामने आई है।
No comments