प्रतापगढ़। साइबर ठगी के मामलों में प्रतापगढ़ पुलिस की साइबर टीम ने सितंबर माह में बड़ी कार्रवाई करते हुए 104 शिकायतकर्ताओं की ₹9...
प्रतापगढ़। साइबर ठगी के मामलों में प्रतापगढ़ पुलिस की साइबर टीम ने सितंबर माह में बड़ी कार्रवाई करते हुए 104 शिकायतकर्ताओं की ₹9,46,549.73 की ठगी गई रकम वापस उनके खातों में कराई। जनपदीय साइबर सेल, विभिन्न थानों की साइबर हेल्प डेस्क और साइबर क्राइम थाना प्रतापगढ़ की टीमों के प्रयास से पीड़ितों को राहत मिली।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देशन, नोडल अधिकारी साइबर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी तथा सहायक नोडल अधिकारी साइबर/क्षेत्राधिकारी रानीगंज के पर्यवेक्षण में एनसीआरपी पोर्टल और पीड़ितों की शिकायतों की जांच के आधार पर कार्रवाई की गई। टीमों ने साइबर ठगी से आहरित धनराशि को वापस कराने के लिए लगातार प्रयास किए।
सितंबर में 104 शिकायतों में कुल ₹9,46,549.73 की रकम वापस कराई गई। इनमें UPI, इंटरनेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड सहित अन्य तरीकों से हुई साइबर ठगी के मामले शामिल रहे।
रकम वापस मिलने पर शिकायतकर्ताओं ने जनपदीय उच्चाधिकारियों, साइबर सेल, थानों की साइबर हेल्प डेस्क और साइबर क्राइम थाना प्रतापगढ़ की टीम के प्रति आभार जताया।
पुलिस की अपील—ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल
प्रतापगढ़ पुलिस ने लोगों से अनजान कॉल, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, स्क्रीन शेयरिंग एप, नकली कस्टमर केयर नंबर, फर्जी लॉटरी-गिफ्ट और ऑनलाइन निवेश के झांसे से सावधान रहने की अपील की है। UPI से पैसा प्राप्त करने के लिए UPI PIN डालने की जरूरत नहीं होती। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करने और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।
सितंबर की कार्रवाई एक नजर में:
कुल शिकायतें: 104
वापस कराई गई धनराशि: ₹9,46,549.73
ठगी के तरीके: UPI, इंटरनेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड व अन्य तरीके
कार्रवाई: जनपदीय साइबर सेल, थाना साइबर हेल्प डेस्क एवं साइबर क्राइम थाना प्रतापगढ़ टीम
No comments